ई-रिक्शा वाले का बेटा बना बिहार बोर्ड टॉपर, IAS बनने का है सपना, पढ़िए इनकी कहानी

Bihar board topper son of e-rickshaw driver

बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड (BSEB) ने बुधवार को 12वीं (Bihar Board Inter Exam Result 2022) का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल इंटर परीक्षा में 80.15 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए हैं।

बिहार बोर्ड इंटर एग्जाम 2022 के आर्ट्स स्ट्रीम में गोपालगंज जिले के संगम राज टॉपर बने हैं। ई-रिक्शा चलाने वाले मनीष साह के बेटे संगम को 96.4 प्रतिशत मार्क्स आए हैं।

Bihar Board Arts Topper 2022 Sangam Raj
बिहार बोर्ड आर्ट्स टॉपर 2022 संगम राज

बिहार टॉपर होने पर खुशी

उन्होंने 500 में से 482 अंकहासिल किया है। सदर प्रखंड के हजियापुर मोहल्ले के रहने वाले संगम राज ने वीएम इंटर कॉलेज से पढ़ाई की है।

आर्ट्स टॉपर संगम राज ने कहा कि मुझे बहुत खुशी हो रही है कि मैंने बिहार में टॉप किया है। कोरोना संक्रमण 2 साल से हमारा पीछा कर रही है। लेकिन जैसा कि कहा जाता है आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है।

Sangam Raj With His Parents
संगम राज अपने माता-पिता के साथ

मैंने अपनी पढ़ाई में कोरोना काल में बिल्कुल बाधा नहीं बनने दिया। शिक्षकों का समय-समय पर साथ मिलता रहा। कभी यह एहसास नहीं हुआ कि महामारी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

पिता ने टॉपर बनने की दी सूचना

उन्होंने कहा कि बुधवार को जब रिजल्ट आया, तो वो कोचिंग क्लास में थे। मेरे पिता ने फोन कर सबसे पहले मुझे यह बताया कि मैंने इंटर आर्ट्स की परीक्षा में टॉप किया है। मेरे पिता की खुशी देख कर मुझे बहुत खुशी हो रही है।

मेरे पिता ई-रिक्शा चलाते हैं। उन्होंने काफी मेहनत से हमें पढ़ाया-लिखाया है, और इस काबिल बनाया कि मैं उनका कर्ज उतार सकूं। संगम ने कहा कि अगर हौसला और जूनून हो तो दुनिया कि सारी मुश्किलें दूर हो जाती हैं।

Sangam Raj with his father
अपने पिता के साथ संगम राज

बचपन से हमने काफी गरीबी में अपना जीवन बिताया है। काफी दिक्कतों को झेल कर हम यहां तक पहुंचे हैं. लेकिन हिम्मत के कारण ही हम अपने जीवन में सफल हो पाएं हैं।

भारतीय प्रशसनिक सेवा का अधिकारी बनना चाहते है संगम

संगम के माता-पिता भी बेटे की सफलता से बेहद काफी खुश हैं। संगम कहते हैं कि इस मौके पर खुशी होना स्वभाविक है।

Bihar Board 12th Arts Topper Sangam Raj Result
Bihar Board 12th Arts Topper संगम राज का रिजल्ट

भारतीय प्रशसनिक सेवा के अधिकारी बनने का सपना देख रहे संगम कहते हैं कि वे मेहनत और लग्न के बदौलत खुद का और अपने मां-पापा के सपनों को भी पूरा करेगा। इधर, संगम के स्टेट टॉपर बनने के बाद उसके दोस्तों और शिक्षकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।

आर्ट्स में टॉप 5 में संगम के अलावा 6 छात्र

आर्ट्स स्ट्रीम में संगम राज के अलावा कुल छह छात्र टॉप 5 में हैं। कटिहार की रहने वाली श्रेया दूसरी जबकि मधेपुरा की रहने वाली ऋतिका रत्न तीसरे पोजीशन पर हैं। श्रेया को 500 में से 471 और ऋतिका को 500 में 470 अंक मिले हैं।

बता दें कि बिहार बोर्ड ने लगातार तीसरी बार समय से पहले इंटर के नतीजे जारी करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। देश भर में बिहार बोर्ड ने सबसे पहले इंटर एग्जाम का रिजल्ट जारी किया है।

पिछले वर्ष जहां परीक्षा होने के 40 दिन के बाद परिणाम जारी किया गया था। वहीं, इस साल महज 29 दिन में ही बिहार बोर्ड के द्वारा रिजल्ट जारी किया गया है।