बिहार का गंगा पथ बना जुहू चौपाटी, शाम होते ही गुलजार हो जाते हैं तमाम घाट, देखे तस्वीरें
बिहार में पटनावासियों को अब जुहू चौपाटी के लिए मुंबई का मुंह नहीं देखना पड़ेगा। पटना का गंगा पथ (Ganga Path) चौपाटी की तरह बनता जा रहा है। गंगा किनारे के तमाम घाट शाम होते ही गुलजार हो जाते हैं।
दोस्तों और परिवार के साथ यहां खुशनुमा पल बिताने के अलावा तरह-तरह के व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया जा सकता है। धीरे-धीरे भद्र घाट से लेकर कंगन घाट के किनारे बने गंगा पथ लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।
पटना के लोगों के लिए गंगा पथ की ओर पड़ने वाला महावीर घाट पसंदीदा स्थल बनता जा रहा है। ऐसे में अगर आप पटना से दूर हैं तो आइये हम आपको वहां की सैर करवाते हैं।

गंगा पथ आकर्षण का केंद्र
पटना सिटी एक घनी आबादी वाला शहर है। यहाँ भद्र घाट से लेकर कंगन घाट के किनारे बना गंगा पथ परिवार और दोस्तों के साथ खुशनुमा पल गुजारने के लिए लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।

शाम होते ही लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ गंगा पथ की ओर पड़ते हैं। इस मार्ग पर महावीर घाट, मुंबई के जुहू चौपाटी की तरह पर्यटकों के लिए एक पसंदीदा स्थल बनता जा रहा है।
सड़क के किनारे लगे कई स्टाल

गंगा नदी का विहंगम दृश्य और ताजी हवा लोगों को जहां सुकून दे रहा है। वहीं इन नजारों को आंखों और कैमरे में कैद करने के लिए दूर-दराज से लोग हर शाम यहां पहुंच रहे हैं।

घाट पर सड़क के किनारे कई स्टाल लगे हैं। जहां कुल्हड़ की चाय, भेलपुरी, स्नैक्स, आइसक्रीम, चाउमीन, डोसा और मोमो समेत कई तरह के फास्ट फूड पर्यटकों को परोसा जा रहा है।

लोग घंटो अपने परिवार और दोस्तों के साथ सुकूनियत के पल गुजारने के साथ ही चटपटी व्यंजनों का भी लुफ्त उठाते नजर आ रहे हैं।
पर्यटक स्थल के रूप में हो रहा विकसित
घनी आबादी वाले शहर पटना सिटी में खुली जगह और पार्कों का घोर अभाव है। ऐसे में महावीर घाट से लेकर कंगन घाट तक मुंबई की जुहू चौपाटी की याद ताजा करती नजर आ रही है।

इस मौके पर स्थानीय लोगों ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गंगा किनारे बनाए गए गंगा पथ-वे पर्यटक स्थल के रूप में विकसित हो रहा है।
गंगा घाट लोगों के बीच पैदा कर रहा एक नया रोमांच

वहीं कुछ स्थानीय लोगों का कहना था कि महावीर घाट फूड पार्क के रूप में विकसित हो रहा है। जहां लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ चटपटी व्यंजनों का लुफ्त उठाने के साथ ही सुकूनियत के भी पल गुजार सकते हैं। बदले हुए माहौल में गंगा घाट लोगों के बीच एक नया रोमांच पैदा कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने आम लोगों से सरकार के स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए गंगा घाट के आसपास विशेष साफ सफाई का ख्याल रखने की भी गुजारिश की है।

