खेती में उम्दा काम करने वाले किसानों की छपेगी किताब, बिहार के कृषि मंत्री ने दिया है निर्देश

बिहार के प्रगतिशील और खेती-किसानी के क्षेत्र में उम्दा काम करने वाले किसानों के लिए एक बेहद ही अच्छी खबर है, नवाचार व नए ढंग से खेती करने वाले किसानों की सफलता की कहानी को अब बिहार सरकार अब अन्य किसानों तक पहुंचने वाली है। दूसरी तरफ किसानों की अनदेखी कर कागजी प्रशिक्षण और परिभ्रमण कराने वाले अफसरों की अब खैर नहीं हैं।

राज्य कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को आत्मा योजनाओं की वर्चुअल समीक्षा के दौरान प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण एवं परिभ्रमण मार्गदर्शिका बनाने का निर्देश दिया है साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि जिलों या प्रदेश के बाहर चुनिंदा किसानों को ही बार-बार प्रशिक्षण एवं परिभ्रमण में नहीं भेजा जाए।

मंत्री जी ने कहा है कि खेती-किसानी के क्षेत्र में नवाचार व उम्दा काम करने वाले प्रगतिशील किसानों को रोल मॉडल के रूप में पहचान कर उसकी डाक्यूमेंट्री तैयार कराया जाए साथ ही उनकी सफलता की कहानी पर किताब बनाकर राज्य के अन्य किसानों के बीच प्रचारित किया जाए। मंत्री ने कृषि प्रसार से संबंधित बामेती एवं आत्मा द्वारा संचालित योजनाओं के लक्ष्य एवं उपलब्धि की समीक्षा की।

किसान चौपाल, कौशल विकास मिशन योजनाओं की प्रगति से अवगत हुए। नालंदा, किशनगंज, कटिहार, जहानाबाद, सीतामढ़ी और भोजपुर में जिले में लचर कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए अलग से समीक्षा के निर्देश दिए।