कैश वैन लूटने आए बदमाशोंं ने गार्ड को मारी गोली बावजूद गार्ड ने बचा लिए 88 लाख रुपये
मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार सब्जी मंडी के पास मंगलवार दोपहर करीब 03:12 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने कैश वैन से 88 लाख रुपये लूटने का प्रयास किया लेकिन मौके पर मौजूद गार्ड विजय सिंह की सूझ बुझ और हिम्मत ने अपराधियों के इस मनसा को नाकाम कर दिया।
वैन लूटने के लिए अपराधियों ने वैन के गार्ड पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं जिसमे वह घायल हो गए। वहीं जवाबी कार्रवाई में गार्ड ने भी अपराधियों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। गोली लगने के बाद वह बाइक पर बैठकर दूसरे साथी के साथ भाग निकला। इससे वैन में रखे गए करीब 88 लाख रुपये सुरक्षित बच गए।
गोली लगी लेकिन दिखाया साहस
बाइक इस दो की संख्या में वैन लुटाने आए अपराधी ने गेट पर पहुंचते ही गार्ड पर फायरिंग कर दी जिसमे गार्ड वियय सिंह घायल हो गए लेकिन इसके बावजूद भी उन्होंने जवाबी फायरिंग की जिससे हड़बड़ाए बदमाश भागने लगे। एक अपराधी की कमर के नीचे पीछे से गोली लगी है। इसके बाद भी वह बाइक से भाग निकले। फिलहाल गार्ड विजय सिंह का इलाज बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में जारी है।
मुजफ्फरपुर में मंगलवार को दिनदहाड़े सेंट्रल बैंक की कैश वैन को लूटने का प्रयास किया गया। बदमाशों की गोली लगने के बाद भी गार्ड ने साहस दिखाया और फायरिंग करते हुए बदमाशों को खदेड़ लिया। इससे दोनों बदमाश भाग खड़े हुए। कैशवैन में करीब 88 लाख रुपये थे।#Muzaffarpur pic.twitter.com/fgXGmFBHzF
— Hindustan (@Live_Hindustan) May 18, 2021
करतूत हुई कैद
बैंक में लगी CCTV कैमरे को पुलिस की टीम ने खंगाला जिसमे इन अपराधियों की करतूत कैद हो गई है, घटनस्थल के अलावे भी पुलिस ने पुरानी बाजार सब्जी मंडी व बनारस बैंक चौक रोड में लगे अन्य कई कैमरों के फुटेज को खंगाला ताकि पता किया जा सके कि अपराधी किस तरफ भागे है।
घटनास्थल से पुलिस को चार खोखे मिले है इसमें तीन अपराधियों के पिस्टल के और एक कैश वैन के गार्ड की बंदूक का बताया जा रहा है। साथ ही पुलिस ने अपराधी की गिरी टोपी को भी जप्त किया है। अपराधियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
इस घटना के संबंध में नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने कहा कि अपराधियों द्वारा गार्ड पर गोलियां चलाकर वैन से कैश लूटने का प्रयास किया गया था। गार्ड ने जवाबी कार्रवाई की। कैश सुरक्षित है। अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई की जा रही है।

