मुंगेर नौलक्खा की बेटी सनाया यादव बनी मिस पटना, कॉम्पिटिशन में सबको पीछे छोड़ जीता ताज
मुंगेर जिले के नौलक्खा की बेटी ने महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है. सनाया यादव ने मॉडलिंग के फील्ड में अपना करियर चुनते हुए 24 दिसंबर को पटना में आयोजित मिस्टर एंड मिस स्टार पटना सेशन 3 में वाइल्ड कार्ड एंट्री करते हुए ताज पर अपना कब्जा जमाया।
स्टार मिस्टर एंड मिस पटना एवं बेस्ट एटीट्यूड प्रतियोगिता में सनाया यादव ने टॉप किया है। मिस पटना का खिताब जाता है सनाया यादव को, जैसे ही ये घोषणा हुई तो तालियों की गूंज एवं खुशी के मारे उनकी मां भी भावुक हो गई। इस प्रतियोगिता में बिहार के कई जिलों के युवक और युवतियों ने हिस्सा लिया, तो वहीं बिहार के बाहर से भी प्रतिभागी आए।
मिडिल क्लास फैमिली से आने वाली सनाया की शुरुआती पढ़ाई-लिखाई जमालपुर के नोट्रेडेम अकेडमी में हुई, यहां से 10वीं पास करने के बाद पटना स्थित आकाश इंस्टिट्यूट से 12वीं की तैयारी कर रही सनाया को बचपन से मॉडलिंग का काफी शौक था। उसका सेलेक्शन एयर होस्टेस के लिए भी हुआ है।
सनाया की मां संगीता देवी ने उसके शौक और पैशन का पूरा सपोर्ट किया और वो उसके साथ मजबूती से हर जगह खड़ी रही। वहीं, बिजनेसमैन पिता शंभू यादव ने अपने बेटी की इच्छाओं का सम्मान करते हुए उसे मॉडलिंग कम्पीटिशन में हिस्सा लेने दिया।
ब्यूटी कॉम्पिटिशन जीतने के बाद सनाया के पूरे परिवार में उत्साह और ख़ुशी का माहौल है, सनाया ने कहा कि आज समाज और देश काफी बदल चुका है. अब महिलाएं काफी जागरूक हैं और हर फील्ड में अपना मुकाम बना रहीं हैं। उसने कहा कि यह जीत केवल उसकी नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज की है।



