बिहार: इस स्तर की दुश्मनी भी अच्छी नहीं, बेटे की बरात निकलने से पहले पिता की हत्या
कहते है की दुश्मनी भी एक सीमा तक ही ठीक होती है, लेकिन बिहार के दरभंगा में सभी हदें ही पार कर दी गईं। बेटे की बरात निकलने से पहले ही उसके पिता की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। एक नहीं दो-दो परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया।
घटना दरभंगा जिला अंतर्गत बहेड़ी थानाक्षेत्र के नोडेगा गांव की है जहाँ एक विवाह समारोह अचानक गम में तब्दील हो गया, बेटे की बरात निकलने से पहले पिता का शव मध्य विद्यालय के पास स्थित झाड़ी से बरामद हुआ। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, वहीं वर और वधू के परिवार पर जैसे वज्रपात हो गया। घटनास्थल पर शव देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
मिली जानकारी के मुताबिक कमल लाल देव के बड़े पुत्र राजा लाल देव की शादी गुरुवार को बहादुरपुर थानाक्षेत्र के मेकना गांव निवासी राधे लालदेव की पुत्री से होने वाली थी सभी चीज़ें ठीक तरीके से चल रही थी। बारात निकलने की तैयारी चल रही थी इसी बीच कमल लाल देव का शव मिलने की सूचना मिली जिससे स्वजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि उनकी हत्या कर दी गई है। फिलहाल, पुलिस कुछ बोलने से परहेज कर रही है। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को शव सौंप दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारण के बारे में जानकारी हासिल नहीं हो सकी है।

