पटना एयरपोर्ट विस्तार के लिए 1216.90 करोड़ रूपए स्वीकृत, जानिए कब तक पूरा होगा काम
बिहार की राजधानी पटना में एयरपोर्ट के विस्तार का काम चल रहा है, नए योजना के तहत पटना एयरपोर्ट पर घरेलू टर्मिनल भवन, नियंत्रण टावर, अग्निशामक स्टेशन, कार्गो भवन का निर्माण किया जाना है। नए टर्मिनल भवन में जी प्लस फाइव मल्टीलेवल पार्किंग, एटीसी टावर, फायर स्टेशन, कार्गो बिल्डिंग, टेक्निकल भवन, अफसरों और कर्मियों के लिए क्वार्टर होंगे।
केंद्र से 1216.90 करोड़ की स्वीकृति
बीते दिनों केंद्र सरकार के नागर विमानन मंत्रालय के राज्यमंत्री वीके सिंह ने राज्यसभा में सांसद सुशील कुमार मोदी के एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि पटना हवाई अड्डे के विकास के लिए भारत सरकार ने 1216.90 करोड़ की स्वीकृति दी है। आगे उन्होंने ये भी बताया कि अभी तक तीन पैकेज में कुल 32% तक व्यय किया जा चुका है।
दिसंबर 2023 तक होगा पूरा
मिली जानकारी के मुताबिक दिसंबर 2023 तक ये सभी काम पूरा कर लिया जायेगा जिसके साथ ही पटना एयरपोर्ट की क्षमता 50 लाख यात्री प्रतिवर्ष से बढ़कर 80 लाख यात्री प्रतिवर्ष हो जाएगी। राज्य सरकार को पटना एयरपोर्ट पर समानांतर टैक्सी स्टैंड, आइसोलेशन वे एवं अन्य संरचनाओं के लिए 41.5 एकड़ भूमि उपलब्ध कराना है।

