तेज प्रताप ने सड़क पर कलम बेचने वाली बच्ची को दिया एप्पल का फोन, कहा खूब मन लगाकर पढ़ाई करना
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव अपने अनोखे अंदाज को लेकर आए दिन सोशल मीडिया की सुर्ख़ियों में बने रहते है। इसी बीच तेजप्रताप का एक फोटो सोशल मीडिया के जरिए शेयर हो रहा है जिसमे वह सड़क किनारे कलम बेच रही एक बच्ची को एप्पल का स्मार्टफोन गिफ्ट कर रहे है।
बच्ची को दिया खास गिफ्ट
दरअसल तेज प्रताप शनिवार देर शाम पटना के बोरिंग रोड पर मिठाई खाने निकले। तभी चमचम और क्रीम चॉप के शौकीन तेज की नजर कलम (पेन) बेचती मासूम पर पड़ी। इस पर वह रुक गए और उससे ढेर सारी बातें की। पुनाईचक की मेघा ने उनको बताया कि पापा ऑटो चलाते हैं। मैं अभी स्कूल नहीं जाती, पर ट्यूशन पढ़ती हूं। इसके बाद तेज प्रताप ने उससे गेम के बार में भी बात की।
बातों-बातों में उससे उनका अटैचमेंट हो गया और उसको अपना नंबर देने लगे, तभी बच्ची ने बताया कि मेरे पास मोबाइल नहीं है। इस पर वह उसे लेकर मोबाइल की दुकान पहुंच गए और आईफोन खरीद कर दिया। उसकी कीमत 50 हजार रुपए थी।
कहा खूब मन लगाकर पढ़ाई करना
बच्ची को मोबाइल देते हुए तेज ने कहा, ‘फोन पर खूब मन लगाकर पढ़ाई करना। गेम कम खेलना।’ बच्ची से बातचीत का वीडियो भी तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
मेघा ने बताया, ‘मैं नहीं जानती कि आईफोन खरीदाने वाले कौन हैं।’ बाद में लोगों ने उसे बताया गया कि ये तेज प्रताप यादव हैं और लालू यादव के बेटा हैं। तेज प्रताप यादव ने बच्ची को अपना मोबाइल नंबर भी लिख कर दिया। साथ ही आईफोन कैसे काम करता है और इसे कैसे चार्ज किया जाता है, इसकी भी जानकारी दी।
बच्चों से है खास लगाव
आपको बता दे कि यह पहली बार नहीं है तेज प्रताप बच्चों के साथ इस तरह से दिखे हो, तीन महीने पहले भी तेज प्रताप यादव ने ऐसे ही स्लम के बच्चों से काफी बातें की थी। उन्होंने कमला नेहरू नगर, केताही मोहल्ला और आर ब्लॉक के पास रहने वाले चार स्लम बस्तियों के छात्र-छात्राओं को उन्होंने सीधे घर में बुलाया था। और उनके साथ बैठकर बातचीत की थी।
साल 2018 में तेजप्रताप ने अपना जन्मदिन भी दलित बच्चों के साथ मनाया था, उन्होंने 29 गरीब दलित बच्चों के साथ केक काटा था और सभी को अपने हाथों से केक खिलाया था। उनको कपड़े भी दिए थे।

