बिहार: शहर के बाद ग्रामीण इलाकों में लगेंगे CCTV कैमरे, तीसरी नजर से होगी गांवों की सुरक्षा

शहरों की तर्ज पर अब बिहार के गांवों में भी सुरक्षा को पुख्ता बनाने की तैयारी तेज हो गई है, इस क्रम में गांव भी अब सीसीटीवी कैमरों की जद में होंगे। इस काम को लेकर पंचायती राज विभाग ने कार्ययोजना बनायी है जिसके बाद ग्राम पंचायतों की वार्ड प्रबंधन एवं क्रियान्वयन समितियों की अनुशंसा के आधार पर गांवों में सीसीटीवी कैमरे लगाये जाएंगे। ।

पंचायती राज विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा मुहैया कराने आदि मकसद से गांव में चिन्हित जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने की पहल की है।

गांव में कैमरे लगने से गैर कानूनी तथा आपराधिक घटनाओं में संलिप्त दोषी की पहचान आसान हो जाएगी, दूसरी तरफ कैमरे के भय से इस तरह के घटनाओं में कमी भी आएगी। विभाग ने यह भी साफ किया है कि सार्वजनिक स्थलों और सरकारी भवनों में सीसीटीवी लगाये जाएंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक ये कैमरे यथासंभव बिजली के पोल पर ही लगेंगे। हालांकि विभाग ने यह भी कहा है कि विशेष परिस्थिति में निजी मकान के बाहरी दीवार पर भी कैमरे लगाये जा सकेंगे। निजी एजेंसी को कैमरे लगाने की जिम्मेदारी होगी। जिस कंपनी को कैमरे लगाने की जिम्मेदारी दी जाएगी वही एजेंसी अगले पांच सालों तक इसका रख-रखाव भी करेगी। राशि का प्रबंध राज्य छठे वित्त आयोग के अंतर्गत मिले कोष से की जाएगी।