फ्रांस की मैरी को पसंद आया बिहारी दूल्हा, सात समंदर पार आकर गांव में रचाई शादी
रविवार की रात बिहार के बेगूसराय में हुई एक शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है, अपने प्रेमी को जीवनसाथी बनाने के लिए फ्रांस के पेरिस की एक युवती सात समंदर पार कर बिहार के एक छोटे से गांव के लड़के से शादी रचाई। शादी के बाद विदेशी दुल्हन को देखने के लिए गांव-समाज की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई।
विदेशी बहु आई बिहार
दरअसल, फ्रांस की रहने वाली मैरी लौर हेरल का बेगुसराय के रहने वाले राकेश कुमार के साथ अफेयर था और इसी क्रम में दोनों ने रविवार को धूमधाम से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर लिया। सात समंदर पार से विवाह करने के लिए लड़की के साथ साथ उनके परिजन भी साथ आए थे। अगले सप्ताह फिर दूल्हा, दुल्हन और दुल्हन के माता-पिता विदेश लौट जाएंगे।
टूरिस्ट गाइड के रूप में हुई थी मुलाकात
लड़का राकेश कुमार के पिता रामचंद्र साह ने बताया कि मेरा पुत्र दिल्ली में रहकर देश के विभिन्न हिस्सों में टूरिस्ट गाइड का काम करता था। इसी दौरान करीब छह साल पहले उसकी दोस्ती भारत घूमने आई मैरी के साथ हो गई। भारत से वापस अपने देश जाने के बाद भी मैरी और राकेश में बराबर बातें होती रहती थी। दोनों की बातचीत कब प्रेम प्रसंग में बदल गया, इसका कुछ पता नहीं चला।
विदेश जाकर शुरू किया व्यवसाय
करीब तीन साल पहले राकेश भी पेरिस चला गया और वहां मैरी के साथ मिलकर पार्टनरशिप में कपड़ा का व्यवसाय करना शुरू कर दिया, कपड़ा का व्यवसाय करने के दौरान दोनों का प्रेम-प्रसंग प्रगाढ़ होता गया। इसकी जानकारी जब मैरी के परिजनों को लगी तो उन्होंने दोनों के शादी की स्वीकृति दे दी।
पहले तो शादी का प्लान पेरिस में ही हुआ लेकिन विदेशी परिवार को भारतीय सभ्यता और संस्कृति इतना पसंद था कि उसने भारत आकर अपने होने वाले पति के गांव में शादी करने का प्लान बनाया। इसके बाद मैरी अपने माता-पिता एवं राकेश के साथ गांव आ गई। जहां रविवार की रात भारतीय सनातन परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों की शादी संपन्न कराई गई है।

