भागलपुर: कतरनी चावल से लेकर जर्दालू आम सब कुछ मिलेगा ऑनलाइन, कृषि विभाग कर रही तैयारी

भागलपुर के कृषि उत्पाद अब बहुत ही जल्द ऑनलाइन बाजारों में भी उपलब्ध होने जा रहा है, जिला प्रशासन कृषि विभाग के साथ मिलकर इसे लेकर तैयारी भी शुरू कर दी है।

ऑनलाइन उत्पादों को बेचने वाली कंपनियों से डील फाइनल होने के बाद भागलपुर का कतरनी चावल, जर्दालू आम, मधु और अन्य जैविक उत्पाद ऑनलाइन मार्केट में भी उपलब्ध रहेगा जिसे देश के किसी कोने में बैठे लोग ऑनलाइन शॉपिंग के जरिये मंगा सकेंगे।

जैविक खेती को बढ़ावा

आपको बता दे कि भागलपुर में उत्पादित कतरनी चूड़ा, चावल और जर्दालू आम को जीआई टैगिंग भी प्राप्त है साथ ही इन उत्पादों को जैविक बनाने के लिए भी पहल शुरू किया है। सुल्तानगंज प्रखंड के आवा रतनपुर, शाहकुंड प्रखंड सहित कई जगहों पर कतरनी की जैविक विधि से खेती करायी जा रही है। इसमें आत्मा द्वारा किसानों को लगातार प्रशिक्षण भी दिलाया जा रहा है।

विभाग के अधिकारीयों की माने तो जिले में जैविक खेती का चलन बढ़ रहा है, जैविक उत्पादन की वजह से ही पिछले कई सालों से बिहार सरकार द्वारा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित विशिष्ट हस्तियों को मकर संक्रांति के अवसर पर कतरनी चूड़ा संदेश के रूप में भेजा जा रहा है।

कंपनियों के साथ हो रही बातचीत

भागलपुर जिले के इन उत्पादों को ऑनलाइन मार्केट में उतारने की तैयारी शुरू हो चुकी है, कृषक उत्पादक समूह के जरिये सामान की आपूर्ति की जाएगी। फिलहाल अमेजन, बिग बास्केट, फ्लिपकार्ट, वेज फेड आदि ऑनलाइन कंपनियों से बात की जा रही है।

ऑनलाइन मार्किट में सामानों की उपलब्धता से कृषि उत्पादों की अच्छी मांग मिलने की उम्मीद है साथ ही बिक्री का नया विकल्प मिलने के बाद किसानों को भी फायदा होगा।

क्या कहते है पदाधिकारी

जिला कृषि पदाधिकारी केके झा ने कहा, ‘कतरनी चूड़ा, चावल, जर्दालू आम, शहद और जैविक सब्जियों की ऑनलाइन मार्केटिंग के लिए पहल की जा रही है। ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनियों से संपर्क साधा जा रहा है। एग्रीमेंट होने के बाद जिले के इन उत्पादों की खरीद लोग ऑनलाइन भी कर सकेंगे।’