अब बिहार के लोगों को मिलेगी सस्ती बिजली, बदलेगा मौजूदा टैरिफ और स्लैब, पूरी जानकारी
बिहार में अगले साल से उपभोक्ताओं को सस्ती दर पर बिजली मिलने की उम्मीद है, बताया जा रहा है कि बिहार में बिजली कंपनी अपने टैरिफ के साथ ही स्लैब में भी बदलाव करेगी। बीते दिन एक नवम्बर को बिजली कंपनी के नौवें स्थापना दिवस के मौके पर ऊर्जा सचिव सह सीएमडी संजीव हंस ने यह जानकारी दी।
स्लैब में होगा बदलाव
मीडिया बंधू से बातचीत करते हुए सीएमडी ने कहा कि एक समय बिजली में 90 से अधिक श्रेणी हुआ करती थी। अब इसे तीन दर्जन पर लाया गया है। कंपनी की कोशिश होगी कि इस श्रेणी को आने वाले दिनों में और कम किया जाए। इससे बिजली दर की असमानता दूर होगी। वहीं स्लैब में भी बदलाव किए जाएंगे।
प्रीपेड मीटर पर क्या कहा?
बिहार में लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर को लेकर उन्होंने कहा कि यह पहले की तुलना में उपभोक्ताओं के लिए अधिक हितकारी है। पहले मीटर लगाने पर उपभोक्ताओं से पैसे लिए जाते थे। जबकि स्मार्ट मीटर कंपनी की ओर से नि:शुल्क लगाया जा रहा है। बिजली बिल की परेशानी दूर हो गई है।
बता दे कि बिहार में अब तक तीन लाख से अधिक प्रीपेड बिजली मीटर लग चुके है और बहुत ही जल्द ग्रामीणों क्षेत्रों में भी स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। स्मार्ट मीटर लगने के बाद वैसे इलाकों से कंपनी की आमदनी में 30 फीसदी तक की वृद्धि हुई है।

