पटना मेट्रो के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू, 60 दिनों का दिया गया है समय
राजधानी पटना में निर्माणाधीन मेट्रो रेल प्रोजेक्ट का काम तेजी से किया जा रहा है, इसी क्रम में शनिवार को जिला प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण के लिए अधिसूचना जारी कर दिया है।
पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के अंतर्गत पाटलिपुत्र आइएसबीटी डिपो के लिए कुल 75.945 एकड़ सरकारी व रैयती जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इसमें 50.59 एकड़ जमीन पहाड़ी मौजा जबकि 25.35 एकड़ जमीन रानीपुर मौजा की है।
जिला प्रशासन द्वारा किसी भी तरह की आपत्ति दर्ज के लिए 60 दिन का समय दिया है, मेट्रो रेल के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुआवजे के लिए जिला प्रशासन को पूर्व में ही एक हजार करोड़ रुपये नगर विकास विभाग द्वारा आवंटित किए गए हैं। बताया जा रहा है की छह महीने के भीतर जमीन मुआवजा से सम्बंधित सभी काम पूरा कर लिया जायेगा।
मेट्रो स्टेशन के लिए जिला प्रशासन द्वारा मलाही पकड़ी में जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट को हस्तांतरित भी करा दिया गया है। मेट्रो डिपो में इंजन और कोच के रखरखाव तथा मरम्मत का काम होता है। इसके अलावा ट्रायल आदि का काम भी किया जाता है।

