दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिलेगी महानगरीय सुविधा, हर मौसम 24 घंटे विमान सेवा होगा संभव

दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में सरकारी पहल तेज हो चुकी है, राज्य सरकार ने दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 78 एकड़ जमीन सहित भूमि के अधिग्रहण को लेकर मुआवजा के लिए 336 करोड़ 76 लाख की स्वीकृति दी है।

अधिग्रहित जमीन पर नया टर्मिनल निर्माण के साथ ही कार्गो, एप्रन, पार्किंग आदि की सुविधा विकसित की जाएगी. नया सिविल इन्क्लेव बन जाने से रात में जगमगाती रोशनी के बीच विमानों का आवागमन होगा। इसी एक्सटेंशन में श्रेणी I (CAT I) अप्रोच लाइट की स्थापना भी होगी।

दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार के बाद 24 घंटे विमान सेवा संभव हो पायेगा इससे रात में भी जहाज यहां से टेक ऑफ व लैंडिंग कर सकेगा। 78 एकड़ भूमि में से 54 एकड़ में नया सिविल एन्क्लेव व शेष 24 एकड़ भूमि में आइएलएस (इन्सट्रुमेंट लैंडिंग सिस्टम) बनाया जायेगा. इससे जहाज प्रतिकूल मौसम में आसानी से एयरपोर्ट पर लैंड व टेक ऑफ कर सकेगा।

साथ ही एयरपोर्ट पर आने -जाने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए मल्टी लेवल पार्किंग स्थल बनाया जायेगा, इसकी क्षमता कम से कम 500 चारपहिया वाहनों की होगी. साथ ही कनेक्टिंग रोड का भी निर्माण किया जायेगा। नये टर्मिनल के बगल में आठ विमानों के ठहराव के लिये विशाल एप्रन का निर्माण कराया जायेगा।