बिहार की बेटी रेणु यादव बनी नेपाल की देउवा सरकार में मंत्री, बढ़ाया राज्य का मान
नेपाल सरकार ने अपने मंत्रिमंडल के 12 कैबिनेट मंत्री की लिस्ट में रेणु कुमारी यादव को शामिल किया है, रेणु इससे पूर्व भी दो बार वह मंत्री पद का कार्यभार बखूबी संभाल चुकी हैं। एक तरफ जहाँ रेणु के मंत्री बनने से नेपाल के तराई इलाकों में रहने वाले मधेशियों में खुशी है तो वहीं दूसरी तरफ सीमा पार भारतीय क्षेत्र के बिहार में भी खुशी का माहौल है।
रेणु कुमारी यादव को नेपाल सरकार में यातायात एवं भौतिक पूर्वाधार विभाग का मंत्रालय सौंपा गया है, रेणु के पिता बिहार के अररिया जिला के नरपतगंज प्रखंड के गोड़राहा बिशनपुर पंचायत के वार्ड संख्या 09 के रहने वाले हैं। रेणु की शुरूआती शिक्षा जिले के नरपतगंज से ही हुई जिसके बाद साल रेणु की शादी 1979 में नेपाल के सप्तरी जिला के राजविराज के खड़कपुर गांव ने हुई थी।
रेणु यादव का ससुराल राजनीतिक परिवार था, अपने पति की हत्या के बाद वह राजनीति में आगे आई और 1995 के बाद से लगातार नेपाल में सांसद रहीं। पिछली बार नेपाल में हुए चुनाव में उनका पुत्र अभिषेक यादव भी एमएलए निर्वाचित हुआ है. रेणु यादव 2008 में तब चर्चा में आई थीं जब नेपाल में समानता के अधिकार के सवाल पर मधेशी आंदोलन का समर्थन करते हुए सांसद पद से त्यागपत्र दे दिया था।

