Parks In Patna: पटना के लोगों को मिला शानदार उपहार, एक साथ 3 पार्क और ग्रीन जोन की मिली सौगात, मिलेंगी ये सुविधाएं
बिहार की राजधानी पटना के लोगों को एक शानदार उपहार मिला है। दरअसल बिहार के वन एवं पर्यवारण मंत्री तेजप्रताप यादव ने पटना को ग्रीन जोन से कवर 3 नये पार्कों की सौगात दी है।

आपको बता दे की ये सभी पार्क पटना के राजेंद्र नगर में स्थित हैं। आईये देखें राजेंद्रनगर 8C पार्क, मैक डोवेल पार्क-2 और मैक डोवेल गोलंबर पार्क-3 की तस्वीरें…

पर्यावरण मंत्री ने किया पार्कों का उद्घाटन
बिहार के पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अंतर्गत निर्मित राजेंद्र नगर में 3 पार्कों ‘राजेंद्रनगर 8C पार्क’, ‘मैक डोवेल पार्क-2’ और ‘मैक डोवेल गोलंबर पार्क-3’ का उद्घाटन किया।

इन तीनों पार्कों का पटना पार्क प्रमंडल, पटना की ओर से समुचित रखरखाव किया जा रहा है। यह पार्क लोगों के अच्छे स्वास्थ्य के साथ स्वच्छ पर्यावरण देगा, जो लोगों को पर्यावरण के साथ जुड़ने में मदद करेगा।
कितनी आई लागत?
आपको बता दें कि साल 2014 में पटना शहर में पार्कों के रखरखाव का कार्य पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के तहत पटना के पार्कों को नगर विकास और आवास विभाग पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को हस्तांतरित किया गया है।

राजेन्द्र नगर 8 सी पार्क के विकास कार्यों के लिए कुल 53,96,389 रुपये की स्वीकृति, मैकडॉवेल गोलंबर पार्क भाग-2 पार्क के लिए 94,65,782 रुपये और मैकडॉवेल गोलंबर पार्क भाग-3 पार्क के लिए कुल 95,61,249 रुपये मात्र की स्वीकृति प्रदान की गयी थी।
पार्क में मिलेंगी ये सुविधाएं
आपको बता दे की इन पार्कों में लोगों के लिए एंट्री फ्री है। यानि आपसे कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीँ पार्क खुलने का समय सुबह 5:30 बजे से लेकर रात के 8:00 बजे तक है।

मैकडॉवेल गोलंबर पार्क-3 का निर्माण एक एकड़ जमीन में किया गया है। जिसमें ओपन जिम, पेयजल, शौचालय, वाकिंग ट्रैक, स्टोर रूम, बिजली, बेंच, कचरे के निष्पादन के लिए डस्टबिन और वर्मी कम्पोस्ट यूनिट का निर्माण किया गया है।

मैकडॉवेल गोलम्बर पार्क भाग-3 में लैण्डस्केपिंग का कार्य, बड़े एवं छोटे फूल वाले पौधों का रोपण का कार्य, ओपन जिम, पेयजल की व्यवस्था, शौचालय का निर्माण, वाकिंग ट्रैक, स्टोर रूम का निर्माण, जल निकास का कार्य भी किया गया है।
10 रुपये में खरीद सकते हैं पौधा
मैकडॉवेल गोलंबर पार्क-2 में वर्मी कंपोस्ट यूनिट, नर्सरी, ओपन जिम, वाटर कूलर, वॉश बेसिन और वॉशरूम की सुविधा दी गयी है। पार्क में प्रवेश द्वार से कुछ ही दूरी पर एक नर्सरी भी है, यहां से आम लोग 10 रुपये में पौधा खरीद सकते हैं।

खेलने के लिए बनाया गया बैडमिंटन कोर्ट
वहीँ राजेन्द्र नगर 8 सी पार्क लगभग एक एकड़ में फैला है। लोगों के टहलने के लिए इसमें 400 मीटर का ट्रैक बनाया गया है। जबकि बैठने के लिए बेंच भी लगाये गये हैं। अलग-अलग प्रजाति के फूल और शो प्लांट्स भी यहां टहलने वालों को तरोजाता करते रहेंगे।

जबकि तमाम तरह की सुविधाएं जैसे- वाटर कूलर, हैंड बेसिन और वॉशरूम की सुविधा भी दी गयी है। जबकि लॉन के साथ बैडमिंटन कोर्ट भी बनाया गया है। पार्क में वर्मी कंपोस्ट यूनिट भी लगायी गयी है।

बिहार में चार करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य
तेज प्रताप यादव ने पार्कों के उद्घाटन के दौरान कहा कि – “बिहार में हरित आवरण बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए इस वर्ष चार करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे ससमय पूरा किया जाएगा।

तेज प्रताप ने यह भी बताया कि इस तरह के और पार्कों का निर्माण किया जा रहा है। जिसका लोकार्पण शीघ्र किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने सभी से अपील भी किया कि ये सभी पार्क आम जनों के लिए है जिसे सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेवारी है। साथ ही सभी से पेड़ लगाने और उसके देखभाल करने का भी अनुरोध किया।

