बिहार: जयमाल के दौरान महिलाओं के बीच जा रहा था शराबी, रोका तो गोली मारकर हत्‍या कर दी

भोजपुर जिले के आरा नवादा थाना क्षेत्र के बाजार समिति स्थित बीएसएनएल ऑफिस के समीप ममेरे भाई की शादी समारोह में भाग लेने गए एक युवक को एक बदमाश ने जयमाला के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी, घटना को लेकर लोगों के बीच काफी देर अफरातफरी मची रही। घटना को अंजाम देने के बाद हथियारबंद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस  मामले की छानबीन में जुट गई है।

घटना के सम्बन्ध में बतया गया है कि उदवंतनगर थाना क्षेत्र के चौराई गांव निवासी उमेश सिंह  अपने मामा अभय कुमार सिंह के बेटे एवं अपने ममेरे भाई दीपू कुमार के नवादा थाना क्षेत्र के बाजार समिति स्थित बीएसएनएल ऑफिस के समीप आयोजित शादी समारोह में भाग लेने  गया था, मृतक के मामा अभय कुमार सिंह ने बताया कि शादी समारोह में जयमाल का कार्यक्रम हो रहा था इसी बीच नशे की हालत में एक युवक महिलाओं की भीड़ में जा रहा था वहां मौजूद लड़कों ने उसे मना किया तो उससे नोकझोंक हो गई लेकिन फिर बात वही की वही खत्म हो गई थी।

लेकिन कुछ ही समय के बाद नशे की हालत में धुत वह बदमाश हथियार लेकर आया और उसने  उमेश कुमार सिंह को सीने में दो गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा था, तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घटना के पीछे का सच अधूरा? पुलिस कर रही है जाँच

घटना के तात्कालिक कारणों के अलावे भी इस मर्डर के पीछे कई अन्य वजहें बताई जा रही है, घटना का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है, पुलिस अपने स्तर से इस मामले की छानबीन कर रही है। उमेश कुमार सिंह के मौत के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी और परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।