Muharram Traffic Advisory: मुहर्रम के कारण बिहार के ट्रैफिक व्यवस्था में हुआ बदलाव, घर से निकलने से पहले जानिए ट्रैफिक एडवाइजरी
		Muharram Traffic Advisory: मुहर्रम महीने से इस्लाम धर्म के नए साल की शुरुआत होती है, यानी कि मुहर्रम का महीना इस्लामी साल का पहला महीना होता है, इसे हिजरी भी कहा जाता है। मुहर्रम को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन पूरे बिहार में अलर्ट मोड पर है।
मुहर्रम के कारण ट्रैफिक व्यवस्था में काफी बदलाव किये गए है। इसके साथ-साथ पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई है। ऐसे में आप अपने घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी को जरूर जान लीजिए।
बिहार के सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दरअसल बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही इस मौके पर विशेष सतर्कता बरतने को भी कहा है। जिसके मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था दो दिन तक बदली हुई रहेगी। वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाये गये हैं।
आपको बता दें कि 29 अगस्त को मुहर्रम मनाया जाएगा। इस मौके पर बिहार में जगह-जगह ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस के आगे व पीछे पुलिस बल व स्थानीय थाने की पुलिस स्कॉट करेगी।
पुलिसकर्मियों की छुट्टियां हुई रद्द
मुहर्रम को लेकर पटना समेत बिहार के सभी जिलों में पुलिस-प्रशासन को अलर्ट किया गया है। सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां 1 अगस्त तक रद्द कर दी गई है। संवेदनशील जगहों को चिह्नित किया गया है, जहां पुलिस-प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। इसके साथ ही शांति समितियों की बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुहर्रम को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
वहीँ राजधानी पटना में मुहर्रम को लेकर एक ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है। 29 और 30 जुलाई को ताजिया जुलूस निकाले जाने पर करगिल चौक से लेकर अशोक राजपथ एवं गाय घाट तक नो इंट्री रहेगी। जुलूस गुजरने के दौरान निजी एवं व्यावसायिक वाहनों के इन रास्तों की ओर जाने पर रोक लगा दी गई है।
यातायात एसपी पूरन झा ने बताया कि जिन लोगों का घर इस रास्ते में है वे अपने सुविधानुसार जा सकते हैं। एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी गाड़ियों के जाने पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई गई है। लेकिन अन्य वाहन चालकों को वैकल्पिक रूट से गुजरना होगा। इस रूट पर मुहर्रम जुलूस को लेकर यातायात पुलिस के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।
इसके साथ ही अशोक राजपथ से सटे लिंक रोड मसलन खजांची रोड, मखनियां कुआं रोड, गोविंद मित्रा रोड, रमना रोड, गांधी चौक से आने वाले वाहनों को भी अशोक राजपथ की ओर नहीं जाने दिया जायेगा।
वाहनों के लिए बनाए गए वैकल्पिक मार्ग
इसके अलावा वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी बनाये गये हैं। यह वाहन पटना सिटी चौक से अगमकुआं ऊपरी पुल, ओल्ड बाइपास या गायघाट पुल के नीचे से बिस्कोमान गोलंबर से ओल्ड बाइपास होकर गांधी मैदान और पटना जंक्शन आ सकते हैं।
जबकि, करगिल चौक से पटना सिटी की ओर जाने वाले वाहनों को बाकरगंज मोड़, रामगुलाम चौक, एग्जीबिशन रोड, चिरैयाटांड पुल, ओल्ड बाइपास से आगे जाने की व्यवस्था की गयी है।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती
मुहर्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये जाएंगे और अशोक राजपथ में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की जायेगी। जुलूस के आगे व पीछे पुलिस बल व स्थानीय थाने की पुलिस स्कॉट करेगी। इसके साथ ही करगिल चौक पर क्विक रिस्पांस टीम भी रहेगी। जो एक सूचना पर तुरंत पहुंचेगी। इस दौरान सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रहेगी।

