पटना में इन 8 जगहों पर बन रहा ग्रीन जोन, इस फ्लाईओवर के नीचे बनेगा बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट, जानिए पूरी खबर

eight Green Zone Being Built In Patna

बिहार की राजधानी पटना में फ्लाईओवरों के नीचे ग्रीन बेल्ट बनाया जा रहा है। जिसके तहत पहले चरण में पटना के आठ जगहों पर ग्रीन बेल्ट बनाया जा रहा है। इनमें सात जगह फ्लाइओवर के नीचे पेड़-पौधे लगाये जा रहे हैं। वहीं आठवां स्थान डीएम आवास के आसपास का होगा।

इसके अलावा खेल को बढ़ावा देने के लिए पटना में फ्लाईओवर के नीचे बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण भी किया जाएगा। आईये जानते है की पटना के किन किन जगहों पर ये कार्य किया जाएगा?

ग्रीन बेल्ट के लिए लगाए जाएंगे 70 हजार पौधे

राजधानी पटना में आठ जगहों पर ग्रीन बेल्ट विकसित करने के लिए लगभग 70 हजार पौधे लगाये जा रहे हैं। मालूम हो की ये सभी पौधे हैदराबाद और बेंगलुरु से मंगाये गये हैं। सांग ऑफ इंडिया, अरेलिया, ब्लैक ग्रास, केन पाम, स्पाइडर लिली, एग्लोनिमा, रफीस पाम आदि 30 तरह के पौधों से सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

पौधों के चुनाव में कुछ बातों का विशेष ध्यान रखा गया है। चूंकि फ्लाइओवर के नीचे धूप कम आयेगी, इसलिए उस तरह के पौधों का चुनाव किया गया है, जो इनडोर पौधे हैं। वहीं, अगले चरण में, राजा बाजार फ्लाईओवर के नीचे की जगह को भी विकसित किया जाएगा और पेड़ों, हरी घास के आवरण और पार्किंग स्थानों से सुंदर बनाया जाएगा।

विभिन्न खेलों को भी मिलेगा बढ़ावा

इसके अलावा बिहार विधानसभा के सामने खेल के मैदान का निर्माण किया जाएगा। जिसके लिए क्षेत्र को मिट्टी से भरा जा रहा है ताकि हरी घास उगाई जा सके।

मैदान खेलने के लिए सुरक्षित हो इसके लिए दोनों तरफ से लोहे का ग्रिल भी लगाया जाएगा। वहीँ मैदान के निर्माण में हरियाली का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस मैदान की वजह से विभिन्न खेलों को भी बढ़ावा मिलेगा।

पटना स्मार्ट सिटी फंड से होगा ये काम

आमतौर पर फ्लाईओवर के नीचे गंदगी फैली रहती थी और फूटपाथी दुकानदारों द्वारा वहां अतिक्रमण कर लिया जाता था। वहीं स्थानीय विक्रेताओं और अस्थायी स्टालों का कब्जा होने के कारण सड़क पर गाड़ियों की रफ्तार काफी धीमी रहती थी, गाड़ियों के पार्किंग के लिए भी जगह नहीं होती थी।

ऐसे में अब इन जगहों पर पौधारोपण और लैंडस्केपिंग कर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। यह काम पटना स्मार्ट सिटी फंड से 15 करोड़ रुपये के बजट से किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार यह काम वन विभाग को सौंपा गया है।

ग्रीन बेल्ट के विकास से शहर के सौंदर्यीकरण के साथ ही साथ पर्यावरण का संरक्षण भी होगा। इससे फ्लाइओवर के नीचे की तस्वीर भी बदल कर खूबसूरत हो जाएगी और धीरे-धीरे ये सेल्फी जोन के रूप में भी विकसित होगा।

इन जगहों पर हो रहा ग्रीन बेल्ट का निर्माण

  1. जीपीओ राउंड अबाउट से आर ब्लॉक राउंड अबाउट फ्लाइओवर के नीचे।
  2. आर ब्लॉक से वीरचंद पटेल पथ के फ्लाइओवर के नीचे।
  3. एग्जीबिशन रोड फ्लाइओवर चिरैयाटाड़ चौक से रामगुलाम चौक के फ्लाइओवर के नीचे।
  4. चिरैयाटाड़ चौक से जीपीओ गोलंबर के फ्लाइओवर के नीचे।
  5. जीपीओ से बीएसएनएल के फ्लाइओवर के नीचे।
  6. वीरचंद पटेल पथ के फ्लाइओवर के बगल में।
  7. आर ब्लॉक से विधानसभा फ्लाइओवर के नीचे।
  8. डीएम आवास के गेट के दोनों तरफ।

मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब का निर्माण

इसके अलावा प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के जीपीओ गोलंबर के पास एक मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब का निर्माण हो रहा है। जहां लगभग 200 वाहन पार्क किए जा सकेंगे।

इसके साथ ही स्मार्ट पार्किंग के विकास का काम भी चल रहा है। वहीं अगले चरण में, राजा बाजार फ्लाईओवर के नीचे की जगह का पेड़-पौधों से सौंदर्यीकरण कर अलग से पार्किंग की जगह के साथ विकसित किया जाएगा।

और पढ़े: Automatic Challan: बिहार के इन 12 शहरों में कटेगा ऑटोमैटिक चालान, बंद होगा मैन्युअल सिस्टम, जानिए कैसे करेगा काम