बिहार: 5682 सरकारी स्कूलों में शुरू होगी नर्सरी की क्लास, मिलेगी निजी स्कूलों से बेहतर सुविधा

बिहार में प्राइमरी स्कूलों के साथ चल रही 5682 आंगनवाड़ी केंद्रों के दो लाख से अधिक बच्चों की प्री-प्राइमरी क्लासेज अगले महीने यानि नवंबर से शुरू हो जाएगी। शिक्षा विभाग ने इस दिशा में सभी तरह की तैयारी पूरा कर लिया है। इसी महीने आंगनवाड़ी सहायिकाओं को प्री-प्राइमरी के बच्चों को पढ़ाने का विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा।

हर बच्चे पर खर्च होगा 13802 रुपये

तीन से पांच साल तक के इन बच्चों पर प्रति बच्चे 13802 रुपये खर्च किये जायेंगे, कक्षाओं के संचालन से पहले इनकी क्लासों में झूले, टेबल-कुर्सी, आकर्षक रंगीन किताबें, खेलकूद के सामान, साउंड बॉक्स आदि दिये जाने हैं जिसके लिए बिहार शिक्षा परियोजना इस दिशा में लगातार कार्य योजना बना रहा है।

नयी शिक्षा नीति के तहत किया जा रहा काम

उल्लेखनीय है कि बिहार शिक्षा परियोजना इन बच्चों को पढ़ाने के लिए सिलेबस तैयार कर रहा है. प्रत्येक बच्चे को 120 रुपये की किताबें दी जायेंगी। नयी शिक्षा नीति के तहत शिक्षा विभाग उन आंगनबाड़ी केंद्रों में प्री-प्राइमरी कक्षाओं को धरातल पर उतारने जा रहा है, जो अब भी प्राइमरी स्कूलों के परिसर में संचालित हैं।