बिहार से उत्तर प्रदेश और झारखंड जाने वालों के लिए खुशखबरी, चलाई जाएंगी 112 नई बसें

बिहार से अब बस यात्रा करना और भी सुगम और सरल होने वाला है, यात्रियों को अब दूसरे शहर जाने के लिए बसों की कमी वाली परेशानी का सामना नहीं करना होगा, पटना से दरभंगा, समस्तीपुर, सासाराम, जमुई, बांका, पाली, भभुआ, औरंगाबाद, भीट्ठामोड़, मानपुर समेत, झारखंड व उत्तर प्रदेश के शहरों के बीच परिचालन के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

66 रूटों पर 370 बसें

बताया जा रहा है कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम राज्य के भीतर 50 रूटों पर, झारखंड के लिए 10 तथा यूपी के लिए छह रूटों पर परिचालन में बसों की संख्या बढ़ाएगा। पथ परिवहन निगम की तरफ से इन 66 रूटों पर 370 बसें चलाई जाएंगी।

मिली जानकारी के मुताबिक बिहार से यूपी के लिए 82 बसें बढ़ेंगी, जबकि बिहार से झारखंड के बीच 34 बसें चलाई जाने की तैयारी है। वहीं, बिहार के अलग-अलग रूटों पर कुल 254 बसें बढ़ाई जाएंगी। बसों की संख्या बढ़ाये जाने से इन प्रदेशों के विभिन्न शहरों में बिहार से आवागमन आसान होगा।

पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

पटना से देवरिया, दरभंगा से भदोही होते वाराणसी, छपरा से बलिया, पटना से आरा बक्सर के रास्ते वाराणसी, पटना से हाजीपुर, सीवान के रास्ते गोरखपुर और गया से सासाराम के रास्ते सारनाथ के बीच बसों की संख्या बढ़ेगी। इन रूटों पर बसें बढ़ने से इनके आपास के पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। उधर, बिहार व झारखंड के बीच भी पर्यटन की दिशा में संबंध प्रगाढ़ होंगे।

26 रूट पटना से दूसरे शहरों के

बिहार के 50 अंतरराज्यीय मार्गों में से 26 मार्ग पटना से दूसरे शहरों के बीच के हैं। पटना के अलावा दरभंगा, भागलपुर, गया, बरबीघा, जमुई, किशनगंज, मंगेर, पूर्णिया, जयनगर, बेगूसराय, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर केसरिया, नवादा, मधुबनी, सहरसा, जोगबनी, सीवान, मोतिहारी, सासाराम, डेहरी, भभुआ, रक्सौल, बांका, पाली, सिकंदरा, समस्तीपुर समेत अन्य शहरों के बीच बसों के परिचालन की योजना है।