बिहार: पिता फेरी लगाकर कपड़े बेचते थे, UPSC में किशनगंज के अनिल को मिला 45वां रैंक
बिहार के किशनगंज शहर के नेपालगढ़ कॉलोनी के रहने वाले अनिल बसाक का चयन यूपीएससी में हुआ है, अनिल को यूपीएससी में ऑल इंडिया रैंक 45 मिला है। अनिल के चयन से उनके पुरे परिवार में ख़ुशी का माहौल है साथ ही अनिल ने अपने परिवार के साथ अपने प्रदेश का भी मान बढ़ाया है, उनका चयन आईएएस के लिए हुआ है।
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
अनिल ने यह सफलता अपने तीसरे प्रयास में हासिल किया है, पहले प्रयास में अनिल पीटी में भी सफल नहीं हुए थे और दूसरे प्रयास में उन्हें 616 वां रैंक मिली थी लेकिन अनिल अपने आप को बेहतर स्थान पर देखना चाहते थे। अनिल की आईएएस बनने की तमन्ना ने उनके हौसले को हारने नहीं दिया और इस बार उन्हें ऑल इंडिया 45वीं रैंक प्राप्त हुआ।
पिता लगाते थे कपड़े की फेरी
अनिल के पिता बिनोद बसाक कपड़े की फेरी लगा कर गांव-गांव बेचते थे। अनिल चार भाईयों में दूसरे नंबर पर हैं। अनिल के पिता की माली हालत ऐसी नहीं थी कि वे देश के प्रतिष्ठित यूपीएससी जैसे परीक्षा में शामिल होते। आर्थिक स्थिति खराब होने के बाद भी अनिल बसाक ने हार नहीं मानी।
आईआईटी दिल्ली से पास
अनिल का चयन वर्ष 2014 में आईआईटी दिल्ली में सिविल इंजीनियरिंग के लिए हुआ था। अनिल बसाक ने बताया कि उनके पिता, सुभाष वर्मा सर व जयशंकर सर ने यूपीएससी की तैयारी के लिए प्रेरित किया। अनिल ने अपनी शुरूआती पढाई किशनगंज शहर के ओरियेंटल पब्लिक स्कूल से पूरा किया उसके बाद साल 2011 में अररिया पब्लिक स्कूल से मैट्रिक फिर बाल मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल किशनगंज से 12 वीं पास किया।

