उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने की बड़ी घोषणा, बिहार के इस जिले में लगेगी सीमेंट और सोलर इंडस्‍ट्री

बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने एक बड़ी घोषणा करते हुए बिहार में नए उद्योगों के बारे में जानकारी दी है, बाढ़, अतिवृष्टि व अन्य आपदा से जुड़ी स्थिति की समीक्षा करने गया पहुंचे मंत्रीजी ने कहा की गया में भले हीं इस बार पितृपक्ष मेला का आयोजन नहीं हो रहा है लेकिन पिंडदान करने के लिए गयाजी पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का अतिथि देवो भवः के भाव के साथ स्वागत किया जाएगा।

कलेक्ट्रेट सभागार में वरीय पदाधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की सरकार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में समूचा एनडीए एकजुट होकर बिहार की तरक्की के लिए काम कर रहा है। उद्योग-रोजगार का माहौल बन रहा है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उद्योग मंत्री बनने के बाद उद्योग के लिए जो पहला प्रस्ताव लिया वह गया जिले के डोभी की कोरिडोर योजना थी।

इस योजना पर काम लगातार जारी है। उस पूरे इलाके को सड़क-रेल मार्ग से जोडा जाएगा। बुनकरों को लेकर भी वह चिंतित हैं। उनसभी के विकास के लिए भी योजनाएं बनाई जा रही है।

गया में रोजगार सृजन के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। वजीरगंज व मानपुर को लेकर भी योजनाएं बनेंगी। मंत्री ने जानकारी दी कि वजीरगंज में सीमेंट उद्योग के लिए 750 करोड़ और सोलर के लिए 250 करोड़ की योजना पर काम करने का प्रस्ताव है।