अरे वाह, पटना में 3 दिन तक फ्री में फिल्म देखने का मौका, जानिए डिटेल्स
अगले तीन दिनों तक आप पटना में फ्री में फिल्म देखना चाहते हैं, तो कालिदास रंगालय आ जाएं। यहां आज से 13 वां पटना फिल्मोत्सव (Patna Film Festival) शुरू हो रहा है, जो 21 दिसंबर तक चलेगा।
फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करने हेतु दर्शकों को कोई रुपए पैसे खर्च नहीं करने होंगे। यहां आप मुफ्त में एक से बढ़कर एक फिल्म देख पाएंगे।
हिरावल के अध्यक्ष राजेश कमल बताते हैं कि पटना फिल्मोत्सव में फिल्मों के डायरेक्टर व अन्य कलाकार भी शिरकत करेंगे। इच्छुक लोग समय लेकर इनसे मुलाकात व बातचीत भी कर सकते हैं।
इस जगह आयोजित होगा फिल्मोत्सव
पटना फिल्मोत्सव 2022 बिहार के प्रसिद्ध थिएटरों में से एक पटना के कालीदास रंगालय में आयोजित होने जा रहा है। जिसमें एक दर्जन फिल्में दिखाई जायेंगी, जिन्हें दर्शक मुफ़्त में देख सकेंगे।
छज्जूबाग में आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में यह जानकारी वरिष्ठ साहित्यकार यादवेंद्र, फिल्मोत्सव की संयोजक प्रीति प्रभा और हिरावल के संयोजक संतोष झा ने दी।
उन्होंने बताया कि मुंबई, केरल, कोलकाता, दिल्ली, अलीगढ़ और रांची से कुल आठ फिल्मकार अपनी फिल्मों के साथ आ रहे हैं। एक सेक्शन स्थानीय युवा फिल्मकारों का भी होगा।
साहित्यिक फिल्मों से होगा फिल्मोत्सव का शुभारंभ
13वें फिल्मोत्सव का शुभारंभ हिंदी के वरिष्ठ कवि और IIT हैदराबाद के प्रोफेसर हरजिंदर सिंह लाल्टू करेंगे। पहले दिन दो साहित्यिक कृतियों पर आधारित फिल्म दिखाई जायेगी।
जिनमें फणीश्वर नाथ रेणु की संवदिया और अरुण प्रकाश की लौट रही है बेला एक्का शामिल है। फिल्म के प्रदर्शन के बाद उपस्थित निर्देशक के साथ दर्शकों के संवाद का भी सत्र आयोजित किया जाएगा।
प्रकाश झा की ‘मट्टो की साइकिल’ से होगा समापन
फिल्मोत्सव में दिखाई जानेवाली आखिरी फिल्म ‘मट्टो की साइकिल’ होगी। जाने माने फिल्म निर्देशक प्रकाश झा ने इसमें मुख्य भूमिका निभाई है।
इस फिल्म का प्रीमियर बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हुआ था। इसके निर्देशक मो. गनी भी फिल्म फेस्टिवल में भाग लेंगे।


