पंचायत चुनाव से पहले हर गांव में लगेगा सोलर स्ट्रीट लाइट, सीएम नीतीश कुमार ने दिया निर्देश

बिहार में पंचायत चुनाव से ठीक पहले हर गांव को जगमगाने की तैयारी कर ली गई है, मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने एक निर्देश जारी कर पंचायती राज विभाग को सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए स्थलों के चयन को लेकर सर्वे करने को कहा है। इससे सभी गांवों को सोलर लाइटों से रोशन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुतिकरण

गुरुवार को मुख्यमंत्री के समक्ष 1, अणे मार्ग स्थित संकल्प में पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना’ से संबंधित प्रस्तुतिकरण रखा। प्रजेंटेशन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पंचायत में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने को लेकर योजना बनाई गई है।

महत्वपूर्ण स्थानों का चयन जरूरी

स्थलों के चयन में पंचायत भवन के दोनों इंट्री प्वाइंट, अस्पतालों सहित अन्य जरूरी जगहों को ध्यान में रखने का निर्देश दिया गया है साथ ही कहा गया है कि इस योजना का उद्देश्य सिर्फ सोलर स्ट्रीट लाइट लगाना ही नहीं है बल्कि उसका ठीक से रखरखाव भी करना है। यह हमेशा फंक्शनल रहे इसके लिए मेंटेनेंस जरूरी है। सोलर स्ट्रीट लाइट के रखरखाव का प्रावधान जरूर करें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सोलर स्ट्रीट लाइट की ज्यादा संख्या में जरूरत को ध्यान में रखते हुए बिहार में ही इसके निर्माण इकाई लगाने की दिशा में काम करें। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15वें वित्त आयोग की अनुशंसा का कार्यान्वयन ठीक ढंग से हो, इसकी राशि का पंचायतों में योजनाबद्ध तरीके से उपयोग करें। प्रजेंटेशन के दौरान पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव ने ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना’ से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।