बिहार के किसानों को मिलेगा मुफ्त माइक्रो एसडी कार्ड, सीखेंगे कृषि की नयी तकनीक

बिहार में खेती और कृषि से जुड़े अन्य कामों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार एक नयी पहल करने जा रही है, इसके अंतर्गत बिहार के किसानों को स्मार्ट बनाया जायेगा। किसान अब फिल्मों और साथी किसानों की सफलता का सफर मोबाइल पर देखकर कृषि की नयी तकनीकों से रुबरु होंगे जिसके लिए किसानों को माइक्रो एसडी कार्ड दिया जाएगा। जिसमें संबंधित मटेरियल होंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक बिहार कृषि विवि (बीएयू) किसानों को कृषि कार्य में स्मार्ट बनाने के लिए निशुल्क 32जीबी का माइक्रो एसडी कार्ड उपलब्ध कराएगा. बिहार कृषि विश्वविद्यालय को सरकार ने इसके लिए 40 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। इस योजना से प्रदेश के करीब 5 हजार किसानों को 32जीबी माइक्रो एसडी कार्ड उपलब्ध कराया जायेगा।

इन माइक्रो एसडी कार्ड में कृषि आधारित फिल्में होंगी साथ ही किसान भाइयों के सफलता की कहानी भी होंगी। कृषि के नये तकनीक और सफल किसानों की कहानी को स्मार्टफोन और एलईडी टेलीविजन पर आसानी से देखा जा सकेगा जिसके लिए किसानों को कोई पैसे नहीं देने होंगे।

आपको बात दे कि भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इससे पहले भी करीब 1500 कार्ड बांटे गये हैं, इसकी सफलता को देखकर अब 16 से अधिक यानी 32 जीबी वाले कार्ड बांटे जाएंगे। माइक्रो एसडी कार्ड में कृषि पर आधारित 60 तकनीकी फिल्में और 70 किसानों की सफलता की कहानी अपलोड रहेगी. इसके अतिरिक्त खेती किसानी से जुड़ी कई छोटी फिल्में भी होगी।