Masala Pasta Recipe: रेस्टोरेंट स्टाइल मसाला पास्ता बनाये घर पे, ले इस रेसिपी की मदद

Masala Pasta Recipe

मसाला पास्ता रेसिपी (Masala Pasta Recipe): बच्चों को अगर ब्रेकफास्ट में पास्ता मिल जाए तो उनके चेहरे की खुशी देखते ही बनती है. इटैलियन फूड पास्ता देखते ही देखते भारतीय खाने का हिस्सा बन गया है।

स्ट्रीट फूड हो या रेस्टोरेंट्स आपको आसानी से पास्ता मिल जाएगा। पास्ता कई तरह से बनाया जाता है और इसकी एक वैराइटी मसाला पास्ता भी काफी पसंद की जाती है। मसाला पास्ता को आप सुबह के नाश्ते में या फिर दिन में स्नैक्स के तौर पर बना सकते हैं। पास्ता का बेहतरीन स्वाद ही इसे सभी की पसंद बनाता है।

Masala pasta
मसाला पास्ता रेसिपी:

मसाला पास्ता बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है और ये डिश मिनटों में ही बनकर तैयार हो जाती है, यही वजह है कि ये नाश्ते के लिए एक परफेक्ट रेसिपी हो जाती है। आप भी अगर ब्रेकफास्ट में पास्ता बनाना चाहते हैं तो हमारी बताई रेसिपी आपकी काफी मदद कर सकती है।

मसाला पास्ता बनाने के लिए सामग्री

पास्ता – 2 कप

प्याज कटा – 1

टमाटर कटे – 2-3

अदरक कटा – 1 टी स्पून

मोजरेला चीज़ – 1 टेबलस्पून

चिली फ्लेक्स – 1 चुटकी

लाल मिर्च पाउडर – 1 टी स्पून

टमाटर सॉस – 1 टी स्पून

एगलैस मेयोनीज – 1 टी स्पून

हरी मिर्च कटी – 1

हरा धनिया कटा – 2 टेबलस्पून

तेल – 1 टेबलस्पून

नमक – स्वादानुसार

मसाला पास्ता बनाने की विधि

रेस्टोरेंट जैसा मसाला पास्ता बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में पानी डालकर उसे गर्म करें। जब पानी उबलना शुरू हो जाए तो उसमें पास्ता डाल दें। पास्ता को 5-6 मिनट तक उबालें जिससे वो पूरी तरह से नरम हो जाए।

इसके बाद छलनी की मदद से पास्ता का पूरा पानी निथार लें. इसके बाद पास्ता के ऊपर ठंडा पानी डालें और अलग रख दें अब टमाटर, प्याज, हरी मिर्च और अदरक के बारीक-बारीक टुकडे़ कर लें।

इन सभी चीजों को टुकड़े करने के बाद उन्हें मिक्सर जार में डालें और ग्राइंड कर लें। इसके बाद तैयार पेस्ट को एक बाउल में निकालकर रख लें। अब एक कड़ाही लें और उसमें तेल डालकर गर्म करें।

Masala pazta
मसाला पास्ता रेसिपी:

जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें तैयार किया गया पेस्ट डालकर भूनें। पेस्ट को 1-2 मिनट तक चलाते हुए भूनने के बाद उसमें एगलैस मेयोनीज़, टमाटर सॉस, चीज़ और लाल मिर्च पाउडर डालकर मिक्स कर दें। इसके बाद स्वादानुसार नमक डाल दें।

सभी सामग्रियों को मिलाकर कुछ देर तक पकाने के बाद इसमें उबले हुए पास्ता को डालें और मसाले के साथ करछी की मदद से अच्छी तरह से मिक्स कर कोटिंग कर दें। अब गैस की फ्लेम धीमी करें और पास्ता को 2-3 मिनट तक पकाएं। इसके बाद गैस बंद कर दें। स्वाद से भरपूर मसाला पास्ता बनकर तैयार हो चुका है। इसे हरी धनिया पत्ती, चीज़ और चिली फ्लेक्स से गार्निश कर सर्व करें.