सिंगापूर और इंग्लैंड तक पहुंचेगी लालू-राबड़ी अगरबत्ती की सुगंध, जानिए क्या है तेजप्रताप का बिजनेस प्लान
लालू के लाल तेज प्रताप यादव ने हाल में ही में अपने माता पिता के नाम पर LR अगरबत्ती बिजनेस को शुरू किया है, अगरबत्ती बनाने की मशीनें दानापुर में उस जगह लगाई गई हैं, जहां पहले लालू प्रसाद यादव का बड़ा खटाल हुआ करता था। इसके साथ ही तेजप्रताप यादव ने पटना में ही अपने ब्रांड के लिए एक एक्सक्लूसिव शो रूम भी खोला है। पूर्व में जब लालू यादव मुख्यमंत्री थे तब वह खटाल आते जाते रहते थे और गायों का खासा ख्याल रखते थे।
सिंगापूर और लंदन में होगा शोरूम
लेकिन अब तेजप्रताप अपने इस बिज़नेस को वर्ल्डवाइड लेकर जाने की प्लानिंग में जुट गए है, दरअसल LR अगरबत्ती शोरूम को इंग्लैंड और सिंगापुर में खोलने का ऑफर तेजप्रताप को मिला है। सूत्रों के मुताबिक, इंग्लैंड और सिंगापुर से कई बिजनेसमैन ने तेजप्रताप से संपर्क साधा है. तेजप्रताप ने शोरूम खोलने की सहमति दे दी है, यानी कुछ महीनों में LR अगरबत्ती शोरूम सिंगापुर और इंग्लैंड में भी होंगे।
अलग अलग वैरायटी में उपलब्ध
अगरबत्तियों के तरह तरह के वेरिएंट को बाजार में उतारा गया है जिसमें फिलहाल पटना के दानापुर स्थित शो रूम से आप 100 से लेकर 1000 रुपये तक की अगरबती का पैकेट ले सकते है, अगरबत्ती में चंदन, चमेली, गुलाब सहित कई वेरायटी है जो लोगो को खासी आकर्षित कर रही हैं। लालू राबड़ी अगरबत्ती की जो सबसे खास बात है वह है कि इन अगरबत्तियों को मंदिरों में चढ़ाए जाने के बाद फेंक दिए गए फूलों से बनाया जाता है जिसके लिए पटना के तमाम मंदिरों से इन फूलों को उठाकर जमा किया जाता है और उनसे अगरबत्ती तैयार की जाती है।

