बड़ी खबर: कटिहार मेयर शिवराज पासवान की गोली मारकर हत्या

इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के कटिहार से आ रही है जहाँ कटिहार के महापौर शिवराज पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई है, मिली जानकारी के मुताबिक कुछ अज्ञात अपराधियों ने नगर थाना क्षेत्र के संतोषी मंदिर चौक के पास इस घटना को अंजाम दिया है।

jagran

घटना के सम्बन्ध में बताया जा रहा है कि मेयर शिवराज पासवान एक पंचायती करके अपने घर वापस लौट रहे थे लेकिन इसी बीच दो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे उनके सीने में तीन गोली लगीं। आनन फानन में उन्हें कटिहार मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुरे इलाके में सनसनी का माहौल बन गया है वहीँ पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। दूर-दराज के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है।

इस घटना को लेकर सदर एसडीपीओ अमरकांत झा ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर मेयर शिवराज पासवान उर्फ शिवा पासवान की हत्या की गई है, फिलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है। हत्या के कारणों  का अभी पता नहीं चल पाया है। शिवराज पासवान उर्फ शिवा पासवान जमीन की खरीद बिक्री के कारोबार से भी जुड़े थे। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। बता दें कि निवर्तमान मेयर विजय सिंह के बरारी से विधायक निर्वाचित होने के बाद शिवराज पासवान नगर निगम के मेयर निर्वाचित हुए थे।