बिहार: परिजनों के विरोध के बावजूद चुनाव में कूदी, अब सबसे कम उम्र की मुखिया बन रचा इतिहास

बिहार के शिवहर जिले से बिहार को सबसे कम उम्र की मुखिया मिल गई है, जी हाँ शिवहर प्रखंड के कुशहर पंचायत के अनुष्का कुमारी ने यह कृतिमान रचते हुए महज 21 वर्ष की उम्र में मुखिया बन इतिहास रच दिया है। उन्होंने मुखिया पद का चुनाव 287 वोटों से जीता है। नवनिर्वाचित मुखिया अनुष्का कुमारी को 2625 मत प्राप्त हुए तो वही उनके प्रतिद्वंदी रहे रीता देवी को 2338 मत प्राप्त हुआ है।अनुष्का कुमारी ने अपने जीत का श्रेय जनता को दिया है।

परिजनों ने किया विरोध

बता दे कि अनुष्का का परिवार पहले से ही राजनीति में है, उनके पिता सुनील कुमार सिंह वर्ष 2011 से 2016 तक जिला पार्षद रहे वहीँ दादा राजमंगल सिंह ने वर्ष 1978 से 2001 तक पंचायत के मुखिया के रूप में प्रतिनिधित्व किया था। लेकिन इस बार जब अनुष्का ने चुनाव मैदान में आने का फैसला किया तो परिजनों का विरोध झेलना पड़ा।

इंजीनियरिंग के बाद अब सोशल इंजीनियर बनेगी

अनुष्का की प्रारंभिक पढ़ाई गांव के स्कूल से शुरू हुई। फिर पटना और बाद में इंजीनियर बनने का सपना संजोए अनुष्का बंगलोर को रवाना हुई। पढ़ाई के बाद वह गांव लौटी। जहां उसमें समाज सेवा की भावना जगी। मौसम पंचायत चुनाव का था। लिहाजा किस्मत आजमाने के लिए वह प्रत्याशी के रूप में मैदान में कूदी।

जनता की जीत

अनुष्का की जीत और सबसे कम उम्र में मुखिया बनने की चर्चा इलाके के गांव-गांव तक होने लगी है। वहीं बधाईयों का दौर भी तेज हो गया है। इन सबके बीच अनुष्का ने कहा कि यह जीत कुशहर पंचायत की जनता की जीत है। जनता ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। अब वह पंचायत का सर्वांगीन विकास कराएगी।